हादसे में बाइक सवार की मौत, एक जख्मी
इटवा थानाक्षेत्र के भनवापुर गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। थानाक्षेत्र के बदलिया-सोहना मार्ग पर स्थित भनवापुर के पास सोमवार बोलेरो ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। बेंवा सीएचसी में घायल युवक का इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सुकलाजोत गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (20) के यहां रिश्तेदार आए हुए थे। वह गांव के ही राजेश यादव (19) को साथ लेकर बाइक से डुमरियागंज पनीर खरीदने गया था। बताया जा रहा है घर वापस लौट रहा था। अभी इटवा थानाक्षेत्र के बदलिया-सोहना मार्ग पर स्थित भनवापुर के पास पहुंचा ही था कि बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ले जाते समय रास्ते में ही प्रमोद की मौत हो गई, जबकि राजेश का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जानकारी है। बाइक सवारों में एक की मौत हो गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।