पकड़ी। एनएच-730 शोहरतगढ़ मार्ग पर चिल्हिया थाना क्षेत्र के कटया चौराहे के पास बन रहे पुल के करीब बुधवार देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में चली गई। इस हादसे में बाइक सवार राम बेलास (35) की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक से उसका थाना क्षेत्र के बनगवा बरात के लिए जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के करौंदा खालसा निवासी राम बेलास (35) पुत्र सहदेव शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदिया के टोला पिपरी पट्टी निवासी अपने साढ़ू विशनु के लड़के की बरात में शामिल होने के लिए बाइक से उसका थाना क्षेत्र के बनगवा जा रहे थे।
एक ही बाइक से तीन लोग सवार थे। अभी वे चिल्हिया थाना क्षेत्र के एनएच-730 पर शोहरतगढ़ मार्ग कटया चौराहे के पास बन रहे पुल के पास पहुंचे थे कि इनकी बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गड्ढे में चली गई। इससे तीनों गिरकर चोटिल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने इन तीनों को गड्ढे से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचवाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डाॅक्टर ने जिले पर रेफर भेज दिया। डाॅक्टर ने राम बेलाश (35) को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, जोगीबारी निवासी सिबड़ (25) व नौडिहवा निवासी एक व्यक्ति का दवा अभी जिले पर चल रहा है। चिल्हिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस गई थी। तीनों को एंबुलेंस से दवा के लिए पहले शोहरतगढ़ भेजा था और गाड़ी को बाहर निकलवा कर थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।