सीमा विवाद को बातचीत से हल करेगा नेपाल
नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने रूपनदेही में की प्रेसवार्ता
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)। नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने कहा कि भारत के साथ सीमा मुद्दे को कूटनीतिक बातचीत और चर्चा के माध्यम से हल की जाएगी। रूपनदेही में एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि नेपाल किसी भी पड़ोसी देश की ओर झुकाव नहीं रखेगा, प्रधानमंत्री ने सीमा समेत अन्य मुद्दों पर भारत से फोन पर बातचीत की थी।
उन्होंने कहा कि भारत के साथ संबंध विकास के मुद्दे पर मजबूत हो रहे हैं और विश्वास व्यक्त किया कि भारत के साथ जल्द ही कालापानी और लिंपियाधुरा पर बातचीत की जाएगी। पार्टी के भीतर विरोधाभास को आगामी आम सम्मेलन में हल किए जाने की उम्मीद जताई। सरकार की प्राथमिकता लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करना है, सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में उपकरण, भवन समेत अन्य सुविधाएं बढ़ाने पर काम कर रही है। एशियाई विकास बैंक ने कुछ दिनों पहले एशिया के वित्तमंत्री की वर्चुअल बैठक में नेपाल की अर्थव्यवस्था को अच्छा संकेत नहीं दिया था। जल्द ही नेपाल विद्युत प्राधिकरण में नियुक्ति के बारे में सरकार उचित निर्णय लेगी।
संविधान दिवस पर विरोध करेंगे विपक्षी दल
कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)। जनता समाज पार्टी नेपाल ने कहा कि शनिवार को संविधान दिवस के पर विरोध कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। पार्टी नेता महंत ठाकुर और उपेंद्र यादव ने कहा है कि वे सरकार द्वारा घोषित संविधान दिवस में भाग नहीं लेंगे क्योंकि संविधान अधूरा और त्रुटिपूर्ण है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि संविधान दिवस पर गैर भागीदारी के खिलाफ और संविधान में भेदभावपूर्ण एवं गलत प्रावधानों को बदलने के लिए शनिवार को देश के प्रमुख स्थानों पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।