पथरा। क्षेत्र के मिठवल कस्बा स्थित बाबा मटेश्वर नाथ मंदिर पर चल रहे रामलीला महोत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को भरत मिलाप का मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम और माता जानकी की आरती से हुई।
रामलीला के मंचन में कलाकारों ने राम-भरत मिलाप के दृश्य को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसमें भाई के प्रति भाई के अटूट प्रेम और त्याग की भावनाओं को दर्शाया गया। मंचन में भरत के साथ शत्रुघ्न और विश्वामित्र भी राम से मिलने वन पहुंचे। राम ने भरत को देखते ही गले लगा लिया, इस दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भरत ने राम को पिता राजा दशरथ के स्वर्गवास की सूचना दी, जिससे राम, सीता माता और लक्ष्मण सभी दुखी हो गए। इसके बाद राम-सीता माता अनुसूया के आश्रम पहुंचे, जहां अनुसूया ने सीता को कई महत्वपूर्ण बातें समझाईं और मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में बाबा विष्णु गिरि, श्याम पाठक, राम गोपाल चौरसिया, सूर्यनाथ चौरसिया, पवन चौरसिया सहित कई अन्य श्रद्धालु और श्रोता उपस्थित रहे।