ब्लॉकवार सचल दल की कमान संभालेंगे बीईओ
जिले के 15 केंद्रों पर होगी मदरसा बोर्ड की परीक्षा
25 फरवरी से पांच मार्च के बीच परीक्षा तिथि घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा 25 फरवरी से पांच मार्च तक होगी। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष व नकलविहीन कराने के लिए सभी ब्लॉकों में खंड शिक्षा अधिकारियों को सचल दल की कमान सौंपा गई है। परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। चार महिला केंद्रों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के लिए एसपी को पत्र लिखा गया है।
उपरोक्त जानकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि सेकेंड्री यथा मुंशी व मौलवी की परीक्षा प्रात: 8 बजे से 11 बजे तक, सीनियर सेकेंड्री यथा आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षा 2 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा की तिथि 25 फरवरी, 27 फरवरी, 29 फरवरी, 2 मार्च, 4 मार्च व 5 मार्च तय है। राज्यानुदानित मदरसों के सहायक अध्यापक आलिया, पौकानिया, तहतानिया, लिपिक व अनुचर की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 94 शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई गई है। नकलवहीन परीक्षा के लिए ब्लॉक स्तर पर सचल दल का गठन किया गया है, जिसकी अगुवाई खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे। बताया कि मदरसा बोर्ड परीक्षा में कुल 6611 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 2618 बालक व 3993 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षावार परीक्षार्थियों में सेकेंड्री अरबी में 2328, सेकेंड्री फारसी में 628, सीनियर सेकेंड्री आलिम में 1106, कामिल में 1859, फाजिल में 690 परीक्षार्थी शामिल हैं।