ईंट भट्टे पर पहुंचे बीईओ, बच्चों का कराया नामांकन
भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के ईंट भट्ठा बिजौरा, गागापुर में पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी डुमरियागंज कुंवर विक्रम पांडेय ने वहां काम करने वाले लोगों के बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ईंट भट्ठा मालिकों को चेतावनी दी कि अगर कोई भी बच्चा काम करते हुए पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
क्षेत्र के कुछ लोगों की ओर से शिकायत की गई थी कि कुछ ईंट भट्टा पर नाबालिग भी काम कर रहे हैं। वे शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित हैं। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी डुमरियागंज कुंवर विक्रम पांडेय भट्टे पर पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों को बुलाकर उन्हें समझाया।
उन्होंने लोगों से कहा कि विद्यालय खुलने के बाद उन्हें नियमित रूप से नजदीक के विद्यालय भेजें। अगर बच्चे शिक्षित होंगे तो उनका और उनके परिवार का विकास होगा। प्रेरित करने के बाद कुल आठ बच्चों का प्राथमिक विद्यालय सफीपुर व गागापुर में नामांकन कराया गया। उपस्थित शिक्षकों से कहा कि वे इन बच्चों पर ध्यान रखेंगे।