खतरनाक कीट का प्रकोप तेजाब जैसा शरीर पर अंश छोड़ने वाले कीटों की बड़ी समस्या
शरीर पर चढ़ने के बाद हाथ आंख और चेहरे की झुलस रही त्वचा
मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन पहुंच रहे तीन से चार पीड़ित
सिद्धार्थनगर। अगर कीट के चढ़ने से चलन हो रही है या फिर हाथ, चेहरा या गर्दन पर फफोला पड़कर जलन होना शुरू हो जा रहा है तो सावधान हो जाएं। क्योंकि, यह एक खतरनाक किस्म के कीट हैं जो शरीर पर चढ़ने के बाद तेजाब जैसा छोड़ते हैं, जिससे समस्या बढ़ जाती है। अगर ऐसा है तो तत्काल विशेष को दिखाएं। मसलने या फिर उससे बचने के लिए कोई क्रीम लगाते हैं तो समस्या बढ़ जाएगी। क्योंकि, माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास प्रतिदिन तीन से चार मरीज पहुंच रहे हैं, जो जलन से परेशान हैं। क्रीम के साथ ही डॉक्टर सोने वाले स्थान पर सफाई रखने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी बढ़ते ही तेजाब जैसे असर वाले कीटों का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है। ये छोटे-छोटे कीट त्वचा पर पड़ते ही ऐसा दाग छोड़ते हैं। जैसे किसी रसायन से जलन हुई हो। हाथ, आंख और चेहरे जैसे संवेदनशील हिस्सों पर इनका असर ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। जनपद में इन दिनों ऐसे मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे लोगों को कई दिनों तक दर्द और जलन झेलनी पड़ रही है।
डॉक्टरों के मुताबिक ये समस्या खासतौर पर गर्मी और नमी के मौसम में बढ़ जाती है, जब इस तरह के कीटों की संख्या ज्यादा हो जाती है। कई मामलों में लोग अनजाने में कीट को मसल देते हैं, जिससे उसकी त्वचा पर मौजूद रसायन फैलकर जलन और घाव का कारण बन जाता है। अगर समय रहते इलाज न कराया जाए तो संक्रमण और सूजन की समस्या भी बढ़ सकती है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में इन दिनों प्रतिदिन तीन से चार मरीज इस तरह की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के स्किन रोग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरफुल खान का कहना है कि मरीजों को जलन, लाल चकत्ते, फफोले और कई बार तेज दर्द की शिकायत होती है, जिसे ठीक होने में कई दिन लग जाते हैं। यह समस्या आमतौर पर पेडेरस जैसे कीटों के कारण होती है, जिनके शरीर में मौजूद टॉक्सिन त्वचा को जला देता है। खास बात यह है कि यह कीट काटता नहीं है, बल्कि त्वचा पर रगड़ने से ही नुकसान करता है।
उन्होंने बताया कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बताया जा रहा है कि शरीर पर कीट बैठे तो उसे मसलने की बजाय धीरे से हटाएं, तुरंत साबुन और साफ पानी से प्रभावित स्थान को धो लें। आंख या चेहरे को छूने से पहले हाथ जरूर साफ करें। रात में लाइट के पास कम से कम रहें, क्योंकि कीट रोशनी की ओर आकर्षित होते हैं। पूरे बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का उपयोग करें। इसके अलावा अन्य उपाय बताया जा रहा है और दिक्कत होने पर डॉक्टर को दिखाकर इलाज कराने की सलाह दी जा रही है।