- मामले का निराकरण न होने की दशा में आंदोलन को बाध्य होगा अधिवक्ता संघ- इन्द्रमणि
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। बार एसोसिएशन डुमरियागंज के अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रमणि पांडेय व महामंत्री एडवोकेट राम बहादुर यादव ने उपजिलाधिकारी को पत्र लिखकर एक अधिवक्ता के मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया कि बार एसोसिएशन डुमरियागंज के पंजीकृत सदस्य रजनीश कुमार पांडेय एडवोकेट ने अधिवक्ता संघ को एक प्रार्थना पत्र देकर एक सहयोग मांगा है कि मौजा बुढ़ऊ तप्पा वैनिया के गाटा में उनके पिता शारदा प्रसाद पांडेय व चाचा राधिका प्रसाद पाण्डेय के नाम से तनहा है। उनके पिता व चाचा का 1/2 हक व हिस्सा है, जिस पर धान की बोआई की गयी थी। लेकिन गांव के ही एक व्यक्ति ने उलटकर जबरदस्ती धान की रोपाई कर दी है। जिसके संबंध में बार एसोसिएशन के सदस्यों के द्वारा उपजिलाधिकारी से कई बार शिकायत की गई। उपजिलाधिकारी ने बाढ़ का हवाला देकर दो दिन का समय मांगा गया था। बार एसोसिएशन डुमरियागंज के अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रमणि पांडेय व महामंत्री एडवोकेट राम बहादुर यादव ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर उक्त प्रकरण का तीन दिन के अंदर निराकरण कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मामले का निराकरण न होने की दशा में अधिवक्ता संघ आंदोलन करने को बाध्य हो जाएगा।