बांसी। भाकियू भानू गुट ने गुरुवार को तहसील परिसर में आयोजित किसान पंचायत में किसी अधिकारी के न आने के कारण जमकर हंगामा किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने तहसील गेट के सामने बांसी-बस्ती मार्ग पर धरने पर बैठ गए, जिससे एक घंटे तक जाम लगा रहा। तहसीलदार के पहुंचकर ज्ञापन लेने के बाद धरना समाप्त हुआ।
बांसी तहसील इकाई के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बांसी द्वारा एक अधिवक्ता के साथ किए गए दुर्व्यवहार की जांच कराने, पूरे क्षेत्र में कोटेदारों द्वारा राशन उचित मूल्य व मानक के अनुरूप न दिए जाने सहित किसान व ग्रामीणों से संबंधित ग्यारह सूत्री मांग को लेकर किसान पंचायत का आयोजन किया था।
काफी इंतजार के बाद किसी सक्षम अधिकारी के पहुंचकर ज्ञापन न लेने से आक्रोशित कार्यकर्ता, तहसील गेट के सामने धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देखकर तहसीलदार बांसी धरना स्थल पर पहुंचे व जिलाधिकारी के नाम संबोधित ग्यारह सूत्री ज्ञापन लिया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
धरने में राष्ट्रीय महासचिव कपिलदेव राय, जिलाध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी, इंद्रजीत दूबे, हरीशचंद्र चौधरी, अमीरुल्लाह, मूर्ति प्रसाद, दीपक पासवान, सुभावती, कलावती, अनीस खां, पंकज वर्मा, ईश्वरी प्रसाद मिश्रा, आलम अली आदि मौजूद रहे।