पथरा। बनगवा पड़ाइन गांव में हुए 19 मई को मारपीट और हत्या के मामले में वांछित महिला सरोज को पथरा पुलिस ने मंगलवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मारपीट में घायल होने के कारण वह घटना के बाद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती होकर उपचार करा रही थी।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार सरोज पांडेय निवासी बनगवा पड़ाइन जमीरुल्लाह (55) की हत्या के मामले में नामजद और वांछित थी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस मामले में इससे पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सरोज की गिरफ्तारी के साथ ही प्रकरण में यह पांचवीं गिरफ्तारी है।
गौरतलब है कि 19 मई को गांव में छत से पत्थर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया था। पुलिस के अनुसार, अरबाज अपने घर की छत पर गमलों में पानी डाल रहा था। इसी दौरान पड़ोस की छत से फेंके गए पत्थर से एक गमला टूट गया और उसे हल्की चोट लग गई। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो बाद में रास्ते के विवाद में बदल गई। आरोप है कि अगले दिन जब दूसरे पक्ष के लोग अपनी दुकान पर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए लोगों ने उन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हुए हमले में जमीरुल्लाह (55), इमरान, अमीरुल्लाह, अरबाज, कलीमुल्लाह और रूबीना घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल जमीरुल्लाह को लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाते हुए कार्रवाई शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।