शहर के सिद्धार्थ तिराहे के पास ज्येष्ठ मास के तीसरे बड़े मंगलवार को प्रसाद वितरण करते सांसद जगद
श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर की लोक कल्याण की कामना
शोहरतगढ़। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल ने श्रीराम दरबार और हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लाल चोला अर्पित किया और लोक कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के बाद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भूखे को भोजन और प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भंडारे समाज में आपसी सौहार्द और धार्मिक एकता को मजबूत करते हैं और सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने हनुमान जी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हनुमान भगवान शिव के 11वें रुद्रावतार हैं और उन्हें अष्टसिद्धि तथा नवनिधि का दाता माना जाता है। उनकी पूजा-अर्चना से नवग्रह शांत रहते हैं और जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि नियमित रूप से हनुमान जी को लाल चोला अर्पित करें तथा हनुमानाष्टक और सुंदरकांड का पाठ करें।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित यादव, रवि अग्रवाल, फतेह बहादुर सिंह, अभिषेक पाल, नंदू गौड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।