बढ़नी ब्लाक के बनरही में आयोजित ब्लाक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता खिलाडियो को सम्मान
-बढ़नी ब्लाॅक क्षेत्र के बनरही गांव में आयोजित हुई क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के बनरही में टाइगर क्रिकेट क्लब बनरही की ओर से आयोजित ब्लाॅक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में औदही कला ने रुमनदेई को 88 रनों से हराकर प्रतियोगिता जीत ली। फाइनल मैच में 103 रन बनाने वाले व तीन विकेट लेने वाले विशाल को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
क्षेत्र के बनरही में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में औदही कला ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। इसमें विशाल ने नाबाद 103 रन बनाए। जवाब में 124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुमनदेई की टीम सातवें ओवर में 35 रन पर आल आउट हो गई। औदही के विशाल व जितेंद्र ने तीन-तीन विकेट लिए।औदही कला ने 88 रन से प्रतियोगिता जीत लिया।
इसके पहले हुए पहले सेमीफाइनल मैच में रुमनदेई ने खैरा बाजार को और दूसरे सेमीफाइनल मैच में औदही कला ने अतरी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। औदही कला के धाकड़ खिलाड़ी विशाल को उनके हरफनमौला प्रदर्शन पर मैन ऑफ द सीरीज व मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान ग्राम प्रधान अब्दुल करीम, बैदौली प्रधान धीरेंद्र गिरी, अध्यक्ष हाशिम, सगील, सलाउद्दीन, जितेंद्र गुप्ता, सलमान, महेंद्र गुप्ता, इरफान, राजू, सफीकुर्रहमान आदि मौजूद रहे।