खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुंडेरा खुर्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में लोहे की राड से हुए हमलें में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टर ने सभी को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
खुखुंदू क्षेत्र के मुंडेरा खुर्द गांव निवासी अमर चौहान को पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी गोलबंद होकर लोहे की राड से हमला कर दिए। बीच बचाव करने पर बेटे विजय शंकर चौहान, भतीजा गब्बू और अविनाश को भी मारा-पीटा गया। जबकि दूसरे पक्ष के बनारसी चौहान का कहना है कि पड़ोसी गाली-गलौज करते हुए मुझपर जानलेवा हमला कर दिए। बीच-बचाव करने पर बेटे प्रमोद को भी मारा-पीटा गया। पुलिस इस मामले में अमर की तहरीर पर गांव निवासी जनार्दन, प्रमोद, अनारसी, शुभम,किशन और दूसरे पक्ष से बनारसी की तहरीर पर प्रेमशंकर, विजय शंकर, रविशंकर, अमर, इंदल, बब्बन,अमर के खिलाफ बलवा, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।