गंभीर हाल में लखनऊ मेडिकल कॉलेज लेकर गए परिजन
पथरा थाना क्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव में रविवार की रात घर में घुसकर एक अधेड़ पर युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। परिजन घायल को लेकर एक निजी चिकित्सक के पास गए। चिकित्सक ने देखते ही अन्य अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें लेकर लखनऊ मेडिकल कॉलेज गए। जहां हालत गंभीर बताई जा रही है। हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव निवासी मोहम्मद इब्राहिम (52) रविवार की रात खाना खाकर अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। रात 11 बजे के आसपास उसी गांव का रहने वाला सोनू मोहम्मद इब्राहिम के घर में पीछे से घुस गया। इस दौरान इब्राहिम घर में किसी के होने की आहट से जाग गए। उन्होंने घर का दरवाजा जैसे ही खोला तो घर में मौजूद सोनू चाकू से इब्राहिम पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। शोर सुनकर परिजन भी जाग गए। परिजनों को आते देखकर सोनू वहां से फरार हो गया।
इसके बाद परिजनों ने पथरा पुलिस को सूचना दी और घायल इब्राहिम को पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने इब्राहिम की हालत गंभीर देखते हुए बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद रात में ही परिजन इब्राहिम को लखनऊ ले गए। वहां पर उनका उपचार चल रहा है।
इब्राहिम के पुत्र औरंगजेब ने अपने गांव के सोनू व अन्य के खिलाफ घर पर चढ़कर जान से मारने की कोशिश की तहरीर पथरा पुलिस को दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। औरंगजेब की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।
गांव में चर्चा
ग्रामीणों की मानें तो सोनू इससे पहले मुंबई में भी इस तरफ की घटना को अंजाम दे चुका है। वह आए दिन गांव के लोगों से मारपीट करके उनको केस में फंसाने के नाम पर कई बार धन उगाही भी कर चुका है।