संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के परशुराम नगर वार्ड में आयोजित नाइट हैंड्रम क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार की रात एक मैच क्वार्टर फाइनल व दो लीग मैच खेले गए।
क्वार्टर फाइनल मैच में साहिल क्रिकेट क्लब को हराकर अटल नगर बिस्कोहर की टीम, दूसरे लीग मैच में मुड़िला मिश्र को हराकर न्यू युवा क्रिकेट क्लब बिस्कोहर की टीम और तीसरे मैच में दीन दयाल नगर की टीम को हराकर परशुराम नगर की टीम विजयी रही।
रविवार रात को क्रिकेट टूर्नामेंट का सपा नेता सुरेश पांडेय, समाजसेवी मनीष सिंह व सुल्तान अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में में टास जीतकर साहिल क्रिकेट क्लब की टीम ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी अटल नगर की टीम के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवर में सात विकेट गंवाकर 62 रन बनाए। जवाब में उतरी साहिल क्रिकेट क्लब की टीम पांच ओवर में 52 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
इस मैच में अटल नगर की टीम ने मैच को जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। दूसरा लीग मैच न्यू युवा क्रिकेट क्लब बिस्कोहर व मुड़िला मिश्र टीम के बीच खेला गया। बिस्कोहर की टीम ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाए। जवाब में उतरी मुड़िला मिश्र की टीम चार ओवर में 39 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
तीसरा मैच परशुराम नगर व दीन दयाल नगर के बीच खेला गया, जिसमें परशुराम नगर की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी दीन दयाल नगर की टीम ने निर्धारित छह ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 36 रन का स्कोर खड़ा किया। जीत का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी परशुराम नगर की टीम ने चार ओवर में बिना विकेट के नुकसान पर 40 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
इस दौरान मो. कैफ, इमरान, रहीम, शहबाज, शाहिद अजीज, अशरफ, जिशान, जुनैद, शाह नवाज, महबूब हाशमी आदि मौजूद रहे।