भाटपार रानी। क्षेत्र के 100 से अधिक युवक बीते दो साल से इजराइल में विभिन्न कंपनियों में नौकरी कर रहे हैं। शनिवार को युद्ध शुरू होने के बाद इन युवकों के परिजन परेशान हो उठे। हालांकि लोगों ने इजराइल गए अपने घर के युवकों से वीडियो कॉल कर बात की। बताया गया कि सभी बंकरों में सुरक्षित रह रहे हैं। पूरे इजराइल में इमरजेंसी लगी हुई है।
क्षेत्र के बखरी बाजार, बंगरा बाजार, नेटुवावीर, तातायर बुजुर्ग, तातायर खुर्द, पिपरा उत्तर पट्टी, जैतपुरा, जावाडीह आदि गांवों के 100 से अधिक युवक इजराइल में विभिन्न कंपनियों में काम कर रहे हैं। इजराइल गए मोहन यादव, प्रदीप, संदीप, रुपेश, द्वारका, जयप्रकाश, सनी, जयप्रकाश यादव, रामप्रवेश, विजय, जितेंद्र कुमार ,सत्येंद्र ,रजक प्रसाद, राजकुमार आदि के घरवालों ने बताया कि इंटरनेट अभी काम कर रहा है। वीडियो कॉलिंग के जरिए घरवालों की बात हुई है। गाजा बॉर्डर के पास गए इन मजदूरों को फिलहाल बंकर में रखा गया है। पूरे इजराइल में इमरजेंसी है। हम सभी लोग बंकरों में हैं और सुरक्षित रहकर खा पी रहे हैं। किसी को कोई परेशानी नहीं है।