सिद्धार्थनगर। अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिलाने के लिए शासन ने संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत नए विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो गई है। विद्यार्थी 17 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों को 20 नवंबर तक का समय दिया गया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन ने बताया कि कक्षा नौ और 10 के पूर्वदशम तथा कक्षा 11 और 12 के दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए शिक्षण संस्थानों को 12 से 19 नवंबर तक मास्टर डेटाबेस तैयार कर उसका सत्यापन करना होगा। नवीनीकरण के लिए विद्यार्थी 13 से 20 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद आवेदन की हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थान 20 नवंबर तक आवेदनों का सत्यापन कर पात्र विद्यार्थियों का डेटा अग्रसारित करेंगे।
उन्होंने बताया कि नए विद्यार्थियों के लिए 12 से 17 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थी 19 से 22 नवंबर तक आवेदन का अंतिम प्रिंट निकालकर आवश्यक अभिलेखों के साथ 23 नवंबर तक संबंधित संस्थान में जमा कर सकेंगे। शिक्षण संस्थानों को 24 नवंबर तक आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित करना होगा।
आवेदन में मिली त्रुटियों को सुधारने के लिए विद्यार्थियों को 28 नवंबर तक का समय दिया गया है। वहीं, संदिग्ध डेटा का अभिलेखीय साक्ष्यों से मिलान और सत्यापन की प्रक्रिया अधिकतम 14 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।