-लोकसभा चुनाव में मतगणना के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव में मतगणना की तैयारी के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने बैठक की। कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पोस्टल बैलेट की मतगणना में नौ टेबल तथा एक आरओ टेबल बनाए गए हैं।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार अलग-अलग मतगणना हालों में ईवीएम की मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 टेबल कुल 70 टेबल बनाए गए हैं, जिन पर मतगणना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना एजेंट की नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रारूप पर भरकर 31 मई 2024 तक अवश्य जमा कर दें, जिससे उनका पहचान पत्र जारी किया जा सके। मतगणना के दिन प्रत्येक अभिकर्ता को अपने पास मतगणना पास रखना अनिवार्य होगा। मतगणना पास के बिना मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार प्रत्येक मतगणना एवं स्कैनिंग टेबल पर अपना एक-एक अभिकर्ता एवं आरओ टेबल पर टैबुलेशन कार्य के निरीक्षण के लिए एक अतिरिक्त अभिकर्ता नियुक्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना में जिन कर्मचारियों ड्यूटी लगाई गई है उनको कार्य के बारे में जानकारी उपलब्ध करा दें तथा समय से समस्त तैयारियां पूर्ण करा लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर चिकित्सकीय टीम, पीने के पानी के लिए टैंकर तथा मोबाइल टायलेट आदि की व्यवस्था कर लें। मतगणना स्थल पर जो भी कार्य अधूरे हैं उन्हें पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर सीडीओ जयेंद्र कुमार, एडीएम उमाशंकर, एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र, डीडीओ गोपाल प्रसाद कुशवाहा, डीपीआरओ पवन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।