बांसी-खलीलाबाद मार्ग के पचपेड़वा चौराहे के पास सड़क जाम करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। मिठलव ब्लॉक के नरही सहित आधा दर्जन गांव के लोगों ने शुक्रवार की दोपहर अपनी समस्याओं के मांग को लेकर बांसी-खलीलाबाद मार्ग के पचपेड़वा चौराहे के पास सड़क पर जाम लगा दिया। नाराज ग्रामीण अपात्रों को पात्र गृहस्थी योजना का कार्ड दिए जाने से क्षुब्ध थे। उनका कहना था कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। लगभग पौन घंटे तक रहे जाम से राहगीरों को परेशान होना पड़ा।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया की उनकी जो भी जायज मांग हैं जल्द पूरा कर दिया जाएगा तब जाकर जाम समाप्त हुआ। मिठवल ब्लॉक के नरही, गोपलापुर, जीवा, गोरवापाकर व देवरिया गांव के ग्रामीणों ने मंगेश दुबे व रीतेश दुबे अंशु की अगुवाई में सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा नरही में ऐसे लोगों को पात्र गृहस्थी श्रेणी का कार्ड दिया गया है, जो सरकारी नौकरी में हैं या उनके पास ट्रैक्टर-ट्राली सहित पर्याप्त संपत्ति है।
ऐसे लोगों की जांच कराकर सूची से बाहर किया जाए और पात्रों को शामिल किया जाए। गांव में बिजली आपूर्ति के लिए खींचे गए तार काफी जर्जर होकर नीचे लटक रहे हैं, इन्हें एक सप्ताह के भीतर बदला जाए। बंद धान क्रय केन्द्रों को जल्द खोला जाए। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार केशरी नंदन त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों का ज्ञापन लेकर जाम को समाप्त कराया। इस दौरान अमित, अंकित दुबे, विनीत, मोनू दुबे, राम सुभग यादव, नजीर, राम नयन, हृदेश कुमार, व्यास मणि आदि मौजूद रहे।