सिद्धार्थनगर। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में किशोर समेत दो की मौत हो गई। गोल्हौरा में ट्रैक्टर ट्राली साइकिल सवार किशोर को ट्रक ने कुचल दिया। पलटने से मजदूर ने दम तोड़ दिया, जबकि बांसी में साइकिल सवार को ट्रक ने कुचल दिया। कपिलवस्तु के चैनपुर में दो युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी।
पहली घटना गोल्हौरा थाना क्षेत्र की है। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के सिस्वनिया गांव निवासी नत्थू (50) गनवरिया से मिट्टी लादकर ट्रैक्टर ट्राली से तिहारा में चल रहे कार्य स्थल पर जा रहा था। जीवपुर चौराहे के मोड़ पर ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसकी चपेट में आकर नत्थू बुरी तरह जख्मी हो गया।
उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के बर्डपुर-अलीगढ़वा मार्ग पर स्थित चैनपुर तिराहे पर टेंपो व ट्रक में टक्कर हो गई।
अलीगढ़वा से आ रही सवारियों से भरी टेंपो को विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर में टेंपो सवार बर्डपुर नंबर 13 निवासी कमलेश गुप्ता (28), लखीमपुर जिले के मितौली गांव निवासी अनीश (35), मुनीश (25), सदर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर निवासी श्यामू (20) गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में ग्रामीणों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसमें कमलेश, अनीश व श्यामू के सिर, पैर व हाथ में गंभीर चोटें आई। तीनों की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
बांसी। कोतवाली क्षेत्र के तेलौरा बाजार में गुरुवार की अपराह्न 3 बजे साइकिल सवार किशोर को पीछे से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। इससे किशोर की मौके पर मौत हो गई। सेखुई गांव निवासी याहिया का 17 वर्षीय पुत्र सफीया बांसी से बाजार कर घर लौट रहा है।
जैसे ही तेलौरा बाजार पहुंचा, पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक भी हिरासत में ले ली गई है।