सिद्धार्थनगर। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बच्चों ने जमकर मस्ती की। स्कूलों में मेले लगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। जिंगल बेल की धुन पर सेंटा क्लॉज को अपने बीच पाकर बच्चे आह्लादित दिखे। सेंटा क्लॉज से चाकलेट और उपहार पाकर बच्चे निहाल हो गए। सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में सिद्धार्थ कला विथिका के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में प्रभु यीशु की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
केक काटकर खुशियां मनाई। मुख्य अतिथि डॉ. सुशीला सिंह ने कहा कि क्रिसमस आपसी प्रेम, भाईचारा व क्षमादान सिखाता है। प्रभु यीशु के जीवन से हमें बहुत कुछ प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रधानाचार्य विश्वबंधु दुबे ने कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है, प्रभु यीशु ने इसे चरितार्थ करते हुए समाज को जीवन की कला सिखाई। इस दौरान आयोजित बाल मेले में बच्चे सेंटा क्लाज के परिधान में सजे रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र कमाल व छात्रा अनुष्का ने किया।
बर्डपुर। मिडास ऑफ लर्निंग स्कूल में शनिवार को क्रिसमस-डे व नव वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जायसवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष फूलचंद्र जायसवाल ने कैंडिल जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रिंसिपल रामसरन ने बच्चों को प्रभु यीशु के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
संचालन संतोष कुमार ने किया। इस दौरान म्यूजिक टीचर साकेत मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, सुनील कुशवाहा, ममता त्रिपाठी, प्रिया मिश्रा, गरिमा पांडेय, प्रिया, प्रज्ञा मिश्रा आदि मौजूद रहे। उधर, विजडम पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में पहले प्रभु यीशु के बारे में बच्चों को जानकारी दी गई। उसके बाद डांस स्पोर्ट्स, मॉडल और ड्रॉ पिक्चर की प्रतियोगिताएं हुई।
इसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रिंसिपल जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रभु यीशु ने दुनिया में शांति और प्रेम का संदेश दिया है। प्रबंधक घनश्याम जायसवाल ने भी बच्चों को जानकारी दी। सेंटा क्लॉज ने बच्चों में उपहार बांटे। इस दौरान राधेश्याम जायसवाल, विमल, गोरखनाथ, संदीप, प्रदीप, जाहिद, पूजा, सलोनी, सना बानो, दीक्षा, प्रियांशु आदि मौजूद रहे।