खोराबार (गोरखपुर)। खोराबार थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा को असलहे के बल पर अगवा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी को पूर्व में भी गांव के मुकुल, आदित्य और आदित्य पांडेय शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गए थे। उस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। तब मुख्य आरोपी मुकुल को जेल भेजा गया था।
महिला का आरोप है कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपियों ने दोबारा उनकी बेटी को निशाना बनाया। बीते 20 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 बजे तीनों युवक अवैध हथियार लेकर उनके घर पहुंच गए। इस दौरान आरोपियों ने महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। उसी समय उनकी बेटी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने उसको असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस टीम छात्रा और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।