एजेंसी में तोड़फोड़, मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप
शहर के साड़ी तिराहे पर स्थित कोल्ड ड्रिंक व पानी एजेंसी में हुई घटना
दुकानदार ने एसपी को दिया शिकायती पत्र, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के साड़ी तिराहे के पास कोल्ड ड्रिंक व पानी एजेंसी पर तोड़फोड़ करने और एजेंसी संचालक से मारपीट कर रुपये छीनने का मामला सामने आया है। एजेंसी संचालक ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
चिल्हिया थानाक्षेत्र के धेंसा नानकार गांव निवासी अनिल कुमार जायसवाल ने साड़ी तिराहे के पास एआरटीओ ऑफिस के सामने कोल्ड ड्रिंक व पानी एजेंसी खोल रखी है। उसका आरोप है कि शनिवार शाम को पास के एक गांव निवासी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह दुकान बंदकर घर चला गया। रविवार सुबह जैसे ही दुकान खोला विपक्षी ने पांच साथियों के साथ हॉकी, लाठी और डंडा लेकर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर उससे अभद्र व्यवहार करते हुए मार-पीट की। इसके बाद वे दुकान में रखा 40 हजार रुपये छीनकर भाग गए। पीछा करने पर उन लोगों ने दुकानदार को दोबारा जमकर पीटा। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। उसका आरोप है कि सूचना देने और थाने में तहरीर देने के बाद मौके पर पुलिस तो पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए आरोपितों पर केस दर्जकर कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ सदर राधेश्याम राय का कहना है कि मामले में सिर्फ मारपीट की घटना हुई है, वहां रुपये छीनने की कोई घटना नहीं हुई है। जिस पर पीड़ित से तहरीर लेकर कार्रवाई करने को कहा गया, लेकिन वह घटना को दूसरा मोड़ देने का प्रयास कर रहा था और बिना तहरीर दिए ही वापस चला गया।