सिद्धार्थनगर के बढनी बाॅर्डर पर कोरोना की जानकारी देते डीएम दीपक मीणा और सीएमओ डाॅ. सीमा राय।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट, बॉर्डर क्षेत्र में पहुंचे अफसर
स्वास्थ्य टीम के साथ डीएम ने सीमाई क्षेत्रों का लिया जायजा
सुरक्षा एजेंसियों समेत बॉर्डर के नागरिकों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/बढ़नी। कोरोना वायरस को लेकर आमजन को जागरूक करने व सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा स्थित प्रमुख कस्बों में प्रशासनिक अफसरों ने सघन निरीक्षण किया। इस मौके पर दोनों देशों से आने-जाने वाले व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की। बॉर्डर की सुरक्षा में लगे जवानों को वायरस को लेकर अलर्ट रहने के साथ ही लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
रविवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने टीम के साथ नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी बढ़नी के जवानों व उप सेनानायक 50वीं बटालियन बलरामपुर के जवानों के साथ विचार-विमर्श किया। डीएम ने कस्बे के नो-मेंस लैंड पर नगर पंचायत के ईओ राजन कुमार गुप्ता को बुलाकर माइक से कोरोना वायरस के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बढ़नी व खुनुवा बॉर्डर चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य टीम, सीमा सुरक्षा बल एवं इमीग्रेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि चीन या अन्य देश से आने वाले सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। संदेह होने पर इस विषय की सूचना राज्य सरकार के 24 घंटे के हेल्पलाइन नंबर 18001805145 व 05222616482 अथवा भारत सरकार के हेल्पलाइन नंबर 01123978040 पर तत्काल सूचना दें। इस मौके पर एसडीएम अनिल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीमा राय, पीएचसी बढ़नी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी, नोडल अधिकारी डॉ. एके आजाद आदि की मौजूदगी रही।