सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के खजुरिया मोहल्ले में बच्चों के बीच विवाद को लेकर परिवार की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। मारपीट के दौरान बहू ने सास को दांत से काट लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। देर शाम तक विवाद सुलझाने की कोशिश चलती रही। बताते हैं कि मौजूदा रिश्ते में सास-बहू के बीच शादी से पहले चाची-भतीजी का रिश्ता था। दोनों परिवार एक ही मोहल्ले में रहता है। शनिवार को दोनों परिवार के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद में दोनों परिवार की महिलाएं भिड़ गईं। एक पक्ष से सास तो दूसरे पक्ष से बहू आमने-सामने थी।
मारपीट के दौरान बहू ने सास को दांत से काट लिया। यहीं नहीं पूर्व के रिश्ते में मौजूदा रिश्ते में समधन भी एक-दूसरे से मारपीट करती रहीं। दोनों पक्षों में लात-घूंसा चला। इसमें एक का हाथ टूट गया तो दूसरे के सिर पर चोट आई। विवाद की सूचना पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। देर शाम तक सुलह के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास जारी था। इस संबंध में एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों की महिलाओं को समझा-बुझाकर मामले का समाधान किया जाएगा।