संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। नगर पंचायत क्षेत्र में नवनिर्मित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अभी तक कार्यदाई संस्था सीएनडीएस की तरफ से औपचारिक रूप से स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है।
इसको लेकर मंगलवार को सीडीओ जयेंद्र कुमार ने डुमरियागंज पहुंच कर अस्पताल भवन के सभी कक्षों मे जाकर गहनता से निरीक्षण किया और जो कमी रह गई है उसे पूर्ण करके दो दिन में अस्पताल भवन को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने भवन की सीढ़ी तथा गैलरी में मरीजों के लिए पंखा लगवाने सहित पांच बिन्दुओं पर अपना सुझाव देते हुए शेष कार्य को जल्द पूर्ण कराकर भवन स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर देने का निर्देश दिया।
इस दौरान सीएमओ डाॅ. रजत कुमार चौरसिया, बेवां सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी, डॉ. बीके सिंह, सीएनडीएस के जेई जयहिंद पासवान, फार्मासिस्ट पवन श्रीवास्तव, एलए सुभाष चंद्र मौजूद रहे। इस संबंध में सीएनडीएस नगरीय के अवर अभियंता जयहिंद पासवान ने बताया कि डुमरियागंज मिनी न्यू पीएचसी भवन का निर्माण कार्य ड्राईंग के अनुसार कराया गया है। अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने को लेकर एक पखवारा पहले ही सीएचसी बेवां अधीक्षक को उन्होंने पत्र भी भेज दिया था।