खुखुंदू। थाना क्षेत्र के पकड़ी ओझा उर्फ ओझवलिया गांव में शुक्रवार की भोर में 45 वर्षीय मजदूर ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित पाकड़ के पेड़ में साड़ी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है। वही परिवार में कमाऊ सदस्य था। भलुअनी थाना क्षेत्र में पिपरढाढी निवासी मृतक राजेश पासवान की खुखुंदू क्षेत्र के पकड़ी ओझा उर्फ ओझवलिया गांव निवासी जीरा के साथ शादी हुई थी। इसके बाद राजेश ससुराल में ही पत्नी और बच्चों के साथ रहकर एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने लगा।
पुलिस का कहना है कि मृतक शराब का आदि था। वह नशे में आए दिन पत्नी से कहासुनी करते रहता था। बृहस्पतिवार की रात में फिर वह शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी जीरा से झगड़ा। इसके बाद वह शुक्रवार भोर में उठकर घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला।
सुबह ग्रामीण टहलने निकले तो देखा पाकड़ के पेड़ पर राजेश का शव लटका हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
राजेश परिवार में कमाऊ सदस्य था। अब परिवार के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उधर, इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि शराब पीने का आदि था, परिवार में कहासुनी के बाद आत्महत्या कर लिया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।