इटवा। इटवा कस्बे में रविवार को सड़क पर हुए अवैध कब्जे पर एसडीएम इटवा व एसडीएम डुमरियागंज की अगुवाई में बुलडोजर चला। चारों मार्गों बढ़नी, डुमरियागंज,बांसी व बिस्कोहर मार्गों पर सड़क किनारे से 16 फीट तक हुए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। कुुछ लोग तो स्वयं हटाने लगे। इस अभियान में 150 से अधिक कब्जे को खाली करवाया गया। सड़क पर हुए कब्जे को हटाने के लिए एसडीएम इटवा कल्याण सिंह मौर्या व एसडीएम डुमरियागंज संजीव कुमार दीक्षित की अगुवाई में इटवा कस्बे में पहुंची टीम ने अतिक्रमण हटाना प्रारंभ कर दिया। पहले कस्बे के पहाडापुर मार्ग पर तहसील प्रशासन का बुलडोजर चला। उसके बाद बढ़नी मार्ग पर प्रशासन का बुलडोजर चला। इसके बाद बिस्कोहर मार्ग पर तहसीलदार इटवा देवेंद्र मणि त्रिपाठी, डुमरियागंज रोड की पूरब पटरी पर तहसीलदार डुमरियागंज रविकुमार यादव व पश्चिम पटरी पर हुए अतिक्रमण को एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित की अगुवाई में हटाया गया। उसके बाद तहसील प्रशासन ने बांसी मार्ग पर हुए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया।
इस अभियान में 150 से अधिक अस्थायी कब्जे को खाली करवाया गया। इस दौरान नगर पंचायत कर्मियों के साथ इटवा पुलिस भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रही। ्रइस दौरान अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों में मिली जुली प्रतिक्रिया रही। कुछ व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने में पक्षपात का आरोप लगाया। वहीं, कुछ व्यापारियों ने 16 फीट से इतर जाकर अतिक्रमण हटाने का आरोप लगा रहे हैं।
इस संबंध में एसडीएम इटवा कल्याण सिंह मौर्या ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में किसी के साथ कोई अन्याय नहीं किया गया है। यही कारण है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान सभी व्यापारियों का सहयोग रहा। इस मार्ग पर लंबे समय से हुए इसे कब्जे के कारण प्रतिदिन जाम लगता था, जिससे राहगीरों को परेशानी से जूझना पड़ता था।