कलक्ट्रेट के न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या 10 प्रथम तल पर होगा नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में शामिल इस जिले की एकमात्र डुमरियागंज सीट के लिए 29 अप्रैल दिन सोमवार सुबह अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ ही कलक्ट्रेट स्थित न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या-10 प्रथम तल में प्रत्याशियों का नामांकन शुरू हो जाएगा, जो छह मई तक चलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना सोमवार सुबह जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए तैयारी पूरी हो गई है। न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या-10, प्रथम तल में रिटर्निंग आफिसर व सहायक रिटर्निंग आफिसर के समक्ष नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जायेंगे। नामांकन की अवधि में प्रत्याशी सहित मात्र पांच व्यक्तियों का प्रवेश अनुमन्य होगा। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रत्याशी के लिए एक प्रस्तावक एवं अन्य प्रत्याशियों के लिए 10 प्रस्तावक जो इसी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक होने चाहिए। नाम निर्देशन पत्रों के साथ जमानत धनराशि 25 हजार रुपये मात्र नकद अथवा ट्रेजरी चालान के द्वारा जमा किया जाएगा। यह जमानत धनराशि अनुसूचित जाति, जन जाति के प्रत्याशी के लिए आधी अर्थात 12,500 रुपये होगी। जमानत धनराशि चेक के रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस प्रक्रिया का करना होगा पालन
आपराधिक प्रवृत्ति वाले प्रत्याशियों के संबंध में अभ्यर्थी व दल को प्ररूप सी-1 (ए) पर लंबित आपराधिक प्रकरण के संबंध में घोषणा (अभ्यर्थी द्वारा) करनी होगी। जिसमें न्यायालय का नाम, प्रकरण संख्या एवं तारीख, प्रकरण की स्थिति, संबंधित अधिनियमों की धारा एवं अपराध का संक्षिप्त विवरण भरा जाएगा। प्रारूप सी-1 (बी) पर दंडनीय अपराधों के लिए सजा के संबंध में विवरण (अभ्यर्थी द्वारा) भरा जाएगा। जिसमें न्यायालय का नाम एवं आदेश की तिथि, कार्यालय और लगाई गई सजा का विवरण, लगाया गया अधिकतम दंड का उल्लेख करना होगा। लंबित आपराधिक मामलों से संबंधित विवरण मोटे अक्षरों में होगा। समाचार पत्र एवं दूरदर्शन में कम से कम 12 फांट में प्रकाशित किया जाएगा। प्रत्येक मामले के लिए अलग-अलग पंक्तियों में अलग-अलग विवरण दिया जाएगा। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद के दिन से मतदान के समापन के लिए निर्धारित समय के 48 घंटे पहले तक आपराधिक प्रवृत्ति के प्रचार के लिए तीन बार समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में घोषणा प्रकाशित करने की आवश्यकता होगी।
जिले में है 1961022 मतदाता
जिले की एकमात्र डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र में 1961022 मतदाता है। इसमें पुरुष मतदाता 1044629 है और महिला मतदाता 916252 है। अन्य मतदाता 141 है। जिले में 2178 बूथ है। संपूर्ण संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 30 जोनल मजिस्ट्रेट, 209 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। कुल 1102 बूथों पर मतदान दिवस पर वेबकास्टिंग करायी जायेगी और नेटवर्क शैडो एरिया में पड़ने वाले 64 बूथों पर वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी। इसके अतिरिक्त 94 क्रिटिकल बूथ, जो 69 मतदान केंद्रों पर अवस्थित हैं, पर माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती भी की जायेगी। कुल 32 मतदेय स्थल वल्नरेबुल हैं, जिन्हें क्रिटिकल मतदेय स्थलों की सूची में सम्मिलित किया गया है।
सौ मिनट में होगा शिकायत का निस्तारण
संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन 45 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 45 स्टैटिक निगरानी टीम एवं 15 वीडियो सर्विसलांस टीम की तैनाती की गई, जो संपूर्ण अवधि में कार्य करेंगे। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों को जन सामान्य द्वारा सी-विजिल एप पर भी शिकायत करके दर्ज कराया जा सकता है, जिसका निस्तारण 100 मिनट के अंदर किया जाता है। जनपद स्तर पर पांच वीडियो व्यूइंग टीम का गठन किया गया है। पेड न्यूज इत्यादि के प्रकरणों पर निगरानी तीन एमसीएमएसी की टीमें कार्यरत हैं। विकास भवन, सभागार में कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है, जो 24 घंटे कार्यरत रहता है।
कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर
1950 05544-220006, 297205, 297206, 297207 व 297208 है।
95 लाख तक खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए निर्वाचन व्यय की सीमा 95 लाख रुपये मात्र निर्धारित किया गया है। इस सीमा के तहत ही निर्वाचन व्यय करना सुनिश्चित करेंगे। छह मई तक नामांकन के बाद सात मई को पर्चा जांच होगा, नौ मई को नाम वापसी, 25 मई को मतदान और चार जून को मतगणना होगा।