सिद्धार्थनगर। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर तटबंधों, राहत शिविरों, स्वास्थ्य सुविधाओं और बचाव संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखें।
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की स्थिति, राहत शिविरों की तैयारियां, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था, नावों की उपलब्धता, राहत सामग्री, पेयजल, बिजली आपूर्ति और संचार व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और बाढ़ की स्थिति बनने पर राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को 24/7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और स्थानीय लोगों को मौसम और नदियों के जलस्तर की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, अग्निशमन सेवा, सिंचाई, बिजली और अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
-
जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर
- 05544-297030
- 05544-297010