डुमरियागंज। संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में शनिवार को लोगों की समस्याएं सुनी गईं। तहसील डुमरियागंज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की जबकि पुलिस संबंधी मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने की।
कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। इस दौरान अफसरों ने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तहसील समाधान दिवस में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया और कुछ मामलों की जांच के लिए तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समाधान दिवस में कुल 50 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 35, पुलिस विभाग के आठ, विकास विभाग के दो और अन्य विभागों के पांच मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने छह राजस्व मामलों का मौके पर निस्तारण कराया जबकि शेष शिकायतों को तीन दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यक्रम में डीएफओ नीला एम, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।