त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है मामला
पीड़ित ने त्रिलोकपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। त्रिलोकपुर थाने के बिस्कोहर बाजार में एक पेट्रोल पंप पर अवध डिपो की रोडवेज बस के परिचालक की पिटाई करने व रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए त्रिलोकपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिस्कोहर निवासी दिलीप कुमार के मुताबिक वह अवध डिपो की रोडवेज बस का परिचालक है। उसका आरोप है कि बृहस्पतिवार को वह लखनऊ से बस लेकर देर शाम बिस्कोहर बाजार पहुंचा था कि लखनऊ से बैठी एक सवारी के कहने पर मैंने बिस्कोहर पेट्रोल पंप पर चालक से कहकर बस रुकवाया। अभी वह सवारी उतर ही रही थी कि पेट्रोल पंप पर पहले से मौजूद 12 से अधिक लोग पहुंचे और मुझ पर हमला कर दिया। इस दौरान वह लोग रोडवेज बस के न चलने देने व जान से मार देने की धमकी दे रहे थे। बस पर बैठे सवारियों के विरोध करने पर वह लोग ईंट पत्थर फेंकते हुए सरकारी धनराशि रुपये 14 हजार भी छीन कर चले गए। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर चंदन कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। चौकी प्रभारी बिस्कोहर मामले की जांच कर रहे हैं। जांचोपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-
मेरे करीबी होने के कारण परिचालक की हुई पिटाई
चेयरमैन बिस्कोहर अजय गुप्ता ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप पर मौजूद एक बड़े नेता के इशारे पर मेरे करीबी होने के चलते रोडवेज बस के परिचालक को पीटा गया है। शुक्रवार देर शाम लखनऊ से बिस्कोहर आई रोडवेज परिचालक का कसूर इतना था कि उसने मेरे व मेरे परिवार पर हुए मुकदमे को गलत व बदले की राजनीति से हुआ बता रहा था। जो इन लोगों को हजम नहीं हो रहा था।