पुलिस ने बरती सख्ती तब भागे एबीवीपी कार्यकर्ता
एसडीएम, सीओ सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची
किसी मरीज का इलाज का इलाज कराने गया था कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मरीज के इलाज के लिए जिला अस्पताल के चिकित्सक और एक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के बीच रविवार की देर रात हाथापाई हो गई थी। इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को लाठी पटकर कार्यकर्ताओं को भगाना पड़ा। इस दौरान एसडीएम, सीओ सहित कई थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक पदाधिकारी रविवार की देर रात जिला अस्पताल में भर्ती किसी मरीज का इलाज का इलाज कराने गया था। इलाज की बात पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से हाथापाई हो गई। विवाद होने की जानकारी मिलने पर अन्य कार्यकर्ता भी पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। मामला बढ़ता देखकर सीओ सदर प्रदीप यादव, एसडीएम उमेशचंद निगम, एसओ सदर राधेश्याम राय, एसओ चिल्हिया डीसी चौधरी, एसओ जोगिया आलोक श्रीवास्तव, एसओ मोहाना जयप्रकाश दुबे सहित पुलिस फोर्स भी पहुंची गई। एबीवीपी कार्यकर्ता चिकित्सक को बुलाकर माफी मंगवाने पर अड़े थे। डॉक्टर मौके पर पहुंचे तो कार्र्यकर्ता डॉक्टर से बदसलूकी करने लगे। मामला बढ़ता देखकर पुलिस ने लाठी पटककर कार्यकर्ताओं को भगाया। इस पर नारेबाजी करने वाले भाग निकले। देर रात तक इमरजेंसी में हंगामे जैसी स्थित बनी रही। हालांकि इस मामले में न तो एबीवीपी कार्यकर्ता कुछ बोल रहे हैं और न ही पुलिस लाठी पटकने की बात स्वीकार कर रही है।