शैक्षणिक दुर्व्यवस्थाओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिले भर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अफसरों को ज्ञापन देकर स्कूल-कॉलेज में व्याप्त समस्याएं दूर कराने और पठन-पाठन स्तर सुधारने की मांग की। नौगढ़, शोहरतगढ़ और बांसी सहित जिले में कई स्थानों पर प्रदर्शन हुआ।
नौगढ़ तहसील मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल कर तहसीलदार को ज्ञापन दिया। 31 सूत्रीय ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के शिक्षण संस्थाओं की बदहाली का जिक्र किया। कहा कि माध्यमिक शिक्षा से सपुस्तक परीक्षा प्रणाली लागू करने के प्रयास को तत्काल रोका जाना जरूरी है।
प्रदेश में समस्त विश्वविद्यालयों में प्रवेश समस्या से सभी छात्र-छात्राएं रूबरू होते हैं, इस समस्या का स्थाई समाधान तुरंत किया जाए। सभी विश्वविद्यालयों में पाठ्यक्रमों में नवीन संशोधन, शोध शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सभी शोध छात्रों को नियमित रूप से दस हजार मासिक छात्रवृत्ति देने की मांग की गई। बांसी में कार्यकर्ताओं ने जिला संयोजक शिवशक्ति शर्मा के नेतृत्व में जुलूस निकाला। नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जुलूस तहसील परिसर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार ओमप्रकाश गुप्ता को मांग पत्र सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने खंड शिक्षाधिकारी बांसी व मिठवल के अलावा तिलक इंटर कॉलेज, रतनसेन इंटर कॉलेज, रतनसेन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बांसी में भी मांग पत्र दिया। इस दौरान आदित्य वर्मा, शुभम पांडेय, अमरनाथ वर्मा, अरुण कुमार वर्मा, आयुष वर्मा, मो. शैफ खान, आशीष कुमार अग्रहरी, हिमांशु पांडेय, सर्वेश, पवन कुमार, राहुल, करमचंद, सागर, कैलाश, शुभम दुबे, विजय मिश्र आदि मौजूद रहे।