सोशल साइट पर डीएम, एसडीएम से अभद्रता
उसका बाजार। सोशल साइट पर एक व्यक्ति ने स्थानीय थानाध्यक्ष व उनके परिवार को धमकी दी है। साथ ही डीएम को गाली लिखा है। वहीं, एसडीएम को चांटा मारने और पूर्व दारोगा की वर्दी उतरवाने जैसी धमकी देकर के मामले में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय की तहरीर पर सोशल साइट फेसबुक पर धमकी देने वाले सुहेल सिद्दीकी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस पंजीकृत किया गया है। मामले कि जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार एक सितंबर को सुहेल सिद्दीकी ने अपनी फेसबुक आईडी पर स्थानीय थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय को कट्टर हिंदूवादी बताते हुए कमेंट किया है कि दो दिन पूर्व मेरी तुमसे बात हुई थी, उसके बाद भी नहीं सुधरे, तुम्हारी सारी सिंघम गिरी निकाल दूंगा। किसी के परिवार को प्रताड़ित करने से पहले अपनी बीबी-बच्चों के बारे में भी सोच लेना। आरोपी ने अगले पोस्ट में लिखा है कि कितने वर्दी वालों का मै नशा उतरवा चुका हूं। मेरे खौफ से अच्छे-अच्छे दरोगा की वर्दी उतार गई। उसने एक जिलाधिकारी का सांकेतिक नाम लिख गालियां लिखी है। एसडीएम को उनके आवास पर चाटा मारने की बात लिखी है। आगे लिखा कि मेरे खिलाफ कोई केस दायर करा दे ऐसी किसी की औकात नहीं है। पूर्व एसओ शिवाकांत मिश्रा के बारे में लिखा कि वह घुटनों के बल बैठकर उससे माफी मांगे थे और इस बस्ती पुलिस लाइन में तैनात हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। केस दर्ज कर लिया गया है, जांच करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।