छात्रावास के लिए छात्रों का फूटा गुस्सा
कपिलवस्तु। गेट पर धरना-प्रदर्शन करने जा रहे सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के छात्र विवि प्रशासन की ओर से रोके लगाने पर भड़क गए। गुस्साए छात्रों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी कर परिसर में बन रहे छात्रावास को जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
छात्र नेता शाह मोहम्मद ने कहा कि दूर दराज से आने वाले विद्यार्थियों को हॉस्टल न दिए जाने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छात्राएं असुरक्षित जगहों पर किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। छात्र नेता महेंद्र प्रताप चौधरी ने कहा कि जिस तरह विश्वविद्यालय में कर्मचारियों व मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों को रहने की व्यवस्था विश्वविद्यालय के छात्रावास में की जा रही है। उसी तरह छात्रों को भी उपलब्ध कराया जाए ताकि छात्रों व छात्राओं को सुरक्षा मिल सके। इस मौके पर राम प्रवेश पांडेय, जयप्रकाश, नरेश, अजय कुमार सहित कई छात्र मौजूद रहे।
नारेबाजी करने पर जारी किया नोटिस
कपिलवस्तु। सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्रावास को लेकर नारेबाजी कर रहे छात्रों को विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक मिश्रा ने कुलपति के निर्देश पर छात्रों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। लिखा है कि उनकी नारेबाजी के लिए लगाए गए लाउडस्पीकर से कक्षाएं प्रभावित हुईं। लिहाजा एक सप्ताह में इसका जवाब दें। क्यों न उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए।
बोले जिम्मेदार
छात्रावास को निर्माण करने वाली संस्था ने विवि को हैंडओवर नहीं किया गया है। अधूरे कार्यों को संस्था पूरा कर रही है। ऐसी स्थिति में छात्रावास उपलब्ध कराना संभव नहीं है। हैंडओवर होने के पश्चात छात्रों को छात्रावास दे दिया जाएगा।
-राकेश कुमार कुलसचिव, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय