- पूछताछ में बोला आरोपी- हॉर्न नहीं बजाने से गुस्से में उठाया था कदम
सिद्धार्थनगर। रेलवे ट्रैक पर चल रहे एक युवक ने ट्रेन से बाल-बाल बचने के बाद गुस्से में इंजन की केबिन पर पत्थरबाजी कर दी। चालक की शिकायत पर जीआरपी आनंदनगर ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस को राहुल ने बताया कि वह रेलवे पटरी के सहारे घर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन उसके नजदीक पहुंच गई। उसका कहना है कि चालक ने हॉर्न नहीं बजाया। इसी बात से नाराज होकर उसने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए।
जीआरपी के अनुसार आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। जीआरपी के अनुसार रविवार को ट्रेन संख्या 75107 डेमू आनंदनगर स्टेशन से दोपहर 3:40 बजे गोंडा के लिए रवाना हुई। ट्रेन के स्टेशन से निकलने के बाद उसका बाजार क्षेत्र के कुड़िया गांव के पास शाम करीब 6:10 बजे एक युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल चलता दिखाई दिया। इसी दौरान पीछे से ट्रेन उसके काफी करीब पहुंच गई। ट्रेन पास पहुंचने पर युवक को जानकारी हुई तो उसने नाराज होकर ट्रैक किनारे पड़े पत्थर उठाकर इंजन के केबिन की ओर फेंक दिए। इससे केबिन का शीशा टूट गया। घटना के बाद ट्रेन सिद्धार्थनगर स्टेशन पहुंची, जहां चालक ने जीआरपी और रेलवे अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर जीआरपी आनंदनगर में रेलवे अधिनियम की धारा 152 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में जीआरपी आनंदनगर की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने रेलवे स्टेशन आनंदनगर के उत्तर स्थित ट्रॉली घर के पास से आरोपी राहुल कुमार (23) निवासी कुड़िया, थाना उसका बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार कर लिया।