फंदे से लटका मिला युवक का शव
- ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तालकुंडा गांव के टोला केवटलिया की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तालकुंडा गांव के टोला केवटलिया में एक युवक की संदिग्ध हाल में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में छत के कुंडे के सहारे लटकता हुआ पाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत की वजह जानने में जुटी हुई है।
क्षेत्र के तालकुंडा गांव के केवटलिया टोला निवासी विजय प्रकाश (22) पुत्र रामहेत उर्फ भुर्रे सोमवार सुबह घर पर था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात दुपट्टे के सहारे छत में लगे कुंडे से फांसी पर लटक गया। परिजनों के मुताबिक मौके पर मृतक व उसकी पत्नी शिवरात्रि ही घर पर मौजूद थे। मृतक के पिता रामहेत उर्फ भुर्रे मुंबई में हैं और मां प्रभावती देवी अपने मायके में थी। मृतक की शादी वर्ष 2018 में नेपाल में हुई थी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। एसओ ढेबरुआ तहसीलदार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।