नेपाल के कपिलवस्तु जिले के कृष्णानगर में पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ पकडा गया आरोपी।
ढेबरुआ। नेपाल के कपिलवस्तु जिले के कृष्णानगर में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिकंदर चौहान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 19,000 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए गए। यह पहली बार है कि जिले में इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है।
कृष्णानगर पुलिस के उप निरीक्षक मोहन मणि अधिकारी ने बताया कि चौहान झण्डेनगर का निवासी है और वह संदिग्ध हालत में दक्षिण से उत्तर की ओर पैदल आ रहा था। पुलिस की टीम को शक होने पर जब चौहान के पास मौजूद प्लास्टिक बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें 650 ट्रामाडोल कैप्सूल मिले। आगे की जांच में चौहान के पास से कुल 19,000 कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिससे उसकी तस्करी से जुड़ी अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे पुलिस निरीक्षक सूरज खत्री ने बताया कि कृष्णानगर क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी के मामलों को लेकर पुलिस ने कड़ी निगरानी बढ़ा दी है। चौहान को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णानगर में ड्रग्स तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले भी पुलिस ने गांजा, ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों के साथ कई लोगों को गिरफ्तार किया है और कई तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कृष्णानगर के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस की टीमों को तस्करों की धरपकड़ के लिए सक्रिय किया गया है।