संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नीचाफा के वार्ड नंबर आठ सरदार पटेल नगर (सिगिंहवा) में सोमवार की सुबह सात बजे के करीब गांव निवासी मैनुद्दीन (24) पुत्र महीउद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मैनुद्दीन की रविवार को सादुल्लाह नगर थाना अन्तर्गत नेवादा में शादी हुई थी। शाम को बरात वापस आई तो रात भोज (वलीमा) हुआ।
भोज कार्यक्रम रात के ग्यारह बजे तक चला। सब कुछ ठीक चल रहा था। रात में खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन सोने चले गए। सुबह सात बजे के करीब दुल्हन के रोने की आवाज से परिवार और मोहल्ले वाले इकट्ठा हुए, तब दूल्हे की मौत की खबर सामने आई।
सूचना मिलने पर एसओ भवानीगंज अमित कुमार ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा कराकर उसे गांव वालों की सहमति से दफना दिया। मौके पर मायके वाले भी आए थे, लेकिन उन्होंने भी लाश को दफनाने में सहमति दी। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तमाम प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं।