सकारपार। खेसरहा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में शनिवार सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सोनू लोधी (19) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, भैंसा गांव निवासी सोनू लोधी पुत्र राम मिलन शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव के उत्तर स्थित सरयू नहर के पास शीशम के पेड़ की टहनी काटने गया था।
बताया जा रहा है कि वह कुदाल का बेट बनाने के लिए पेड़ पर चढ़कर टहनी काट रहा था। इसी दौरान कटी टहनी पास से गुजर रही हाईटेंशन तार पर गिर गई।
इसके संपर्क में आते ही युवक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने सोनू को इलाज के लिए आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष खेसरहा अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।