सिद्धार्थनगर। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच शनिवार दोपहर जिले के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज हवा तो कहीं आंधी के साथ बारिश हुई। इस दाैरान जोगिया क्षेत्र के फूलपुर गांव के टोला कुरिया निवासी सीमा (40) की पेड़ की डाल के नीचे दबकर मौत हो गई। वह खेल से घर लौट रही थी।
वहीं, आंधी से पेड़ गिर गए और कुछ स्थानों पर टिनशेड उड़ने की बात सामने आई है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर गांव के टोला कुरिया निवासी सीमा (40) पत्नी तौलन खेत की ओर गई थी। बताया जा रहा है कि खेत से लौट रही थी। इसी बीच बारिश के साथ तेज आंधी आ गई और पेड़ उसपर गिर गया, जिससे वह पेड़ की डाल के नीचे दब गई। यह देखकर मौके से गुजर रहे लोगों ने मामले की जानकारी गांव में दी।
इसके बाद परिवार और गांव के लोग बारिश के बीच मौके पर पहुंच गए। किसी प्रकार उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तबतक वह दम तोड़ चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गए। लेकिन, परिवार के लोगों ने लाश का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। मृतका के चार बच्चे थे। पति मेहनत मजदूरी करता है। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में एसओ जोगिया अभय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए थे। परिवार ने पीएम कराने से मना कर दिया, इसलिए पंचनामा करके शव को सुपुर्द कर दिया गया है।