मृतक.......................रामसागर।
बांसी। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के डडवा कोदईजोत स्थित ढाबा के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से पैदल जा रहा रामसागर (14) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों की मदद से घायल किशोर को इलाज के लिए बस्ती भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सोनौरा गांव निवासी रामसागर (14) पुत्र रामशंकर प्रतिदिन की तरह सोमवार की सुबह डिडई चौराहे पर स्थित बाइक मिस्त्री की दुकान पर काम सीखने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान डिडई चौराहे से बांसी की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने ढाबे के निकट किशोर को टक्कर मार दी और सड़क के दाहिने ओर खाई में जा गिरी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल किशोर को इलाज के लिए बस्ती भिजवाया और खाई में गिरी कार को बाहर निकलवा कर थाने ले गए। बाद में बस्ती के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किशोर की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि रामसागर मेहनती और मिलनसार स्वभाव का लड़का था और परिवार की मदद की उद्देश्य से कम उम्र में ही काम सीखने के लिए जाता था। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। सबसे छोटी एक बहन भी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। आंशिक रूप से घायल चालक इलाज कराने गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।