बढ़नी। नगर पंचायत बढ़नी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को गणेश उत्सव की धूम रही। नगर के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में पूजा समितियों ने पंडाल सजाकर भगवान श्रीगणेश की मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
स्थापना के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। सुबह की आरती से लेकर शाम की पूजा तक पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह है।
शाम होते ही पंडालों के आसपास भीड़ बढ़ जाती है। लोग परिवार के साथ पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। कई जगह भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। नगर पंचायत बढ़नी के अलग-अलग वार्डों में प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पंडालों में रंग-बिरंगी रोशनी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। साथ ही आसपास के गांवों में भी पूजा समितियों ने गणेश मूर्तियां स्थापित की हैं।
ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग बढ़नी पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। बढ़नी मेन मार्केट गोला बाजार निवासी विमल कुमार अग्रहरि ने बताया कि इस बार गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आरती में अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है। मकान के नजदीक स्थापित गणेश प्रतिमा के आयोजन में अंकित लंगटा, चंदन, बलराम, राजेश समेत अन्य लोग व्यवस्था संभाल रहे हैं।