घोसियारी। रविवार दोपहर करीब एक बजे आंधी के साथ बारिश के बीच घोसियारी बाजार में एक सैलून संचालक को भारी नुकसान हुआ। आंधी के झोंकों से टंकी नुमा गुमटी अचानक पलट गई। इससे बाल कटवा रहे आठ वर्षीय अशित समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, थाना खेसरहा क्षेत्र के सरैनिया निवासी राम आशीष शर्मा अपने बेटे श्याम शर्मा के साथ घोसियारी चौराहे पर गुमटी में सैलून चलाते हैं। रविवार को श्याम शर्मा बरैनिया निवासी आठ वर्षीय अशित का बाल काट रहे थे। तभी अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण गुमटी असंतुलित होकर पलट गई। घटना में सैलून संचालक राम आशीष, श्याम शर्मा और बाल कटवा रहे अशित मामूली रूप से घायल हुए। इस संबंध में लेखपाल शिवम का कहना है कि मौके की जांच की जाएगी।