सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में तालाब में जलती हुई कंबाईन मशीन को बुझाते ग्रामीण। स्रोत
खुनुवां। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में दोपहर गेहूं की कटाई के दौरान कंबाइन मशीन में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 बीघा तैयार फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में किसान को लगभग 7 लाख 80 हजार रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, खुनुवां बाॅर्डर से करीब पांच किलोमीटर दूर यशोधरा ग्रामीण नगर पालिका वार्ड नंबर-1 तितिरखी निवासी निरंजन धोबी ने बताया कि वह अपने खेत में मौजूद थे। दोपहर करीब 12:30 बजे कटाई के दौरान कंबाइन मशीन की बैटरी में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए मायादेवी ग्रामीण नगर पालिका-7 के कर्मा गांव तक पहुंच गई। आग की चपेट में आकर गेहूं की फसल के साथ कंबाइन मशीन भी जलने लगी। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा नुकसान टल गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए मशीन को पास के तालाब में ले जाकर डुबो दिया, जिससे वह पूरी तरह जलने से बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और कपिलवस्तु नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित किसान सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।