मिश्रौलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के चादेगड़िया गांव में सोमवार दोपहर आंधी और बारिश के बीच बिजली गिरने से बेचन (47) की मौत हो गई। वह घर से गांव के ही गंगाराम की बेटी की शादी में काम के लिए जाने के लिए निकला था। तभी तेज आंधी के साथ बिजली गिरी, जिसमें उसकी जान चली गई। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मौत की खबर मिलने के बाद गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के चादेगाड़िया गांव निवासी बेचन (47) गांव के ही गंगाराम के घर उनकी बेटी की शादी में कुछ काम करने के लिए जा रहा था। अभी घर से निकला था कि आंधी और बारिश के बीच बिजली कड़की और उसपर गिर गई। इससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। यह देखकर आसपास के लाेग दौड़ पड़े और बारिश के बीच उसे अंदर लाए, जहां उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद चीख-पुकार मच गई। इसी बीच मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गांव में शादी के बीच मौत ने माहौल को गमगीन कर दिया।
इस संबंध में एसओ मिश्रौलिया मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बेचन की मौत से परिवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर से गांव में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था। बिजली गिरने से मौत हो जाएगी, शायद परिवार के लोगों ने यह कभी सोचा नहीं था। वहीं, गंगाराम के घर में मांगलिक कार्यक्रम था, वहां पर भी लोग गमगीन हो गए। वहीं, मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बेचन घर में कमाने वाला अकेला व्यक्ति था। उसके पास तीन बीघा खेत है और इसके चार बच्चे हैं। इनमें दो लड़कें और दो लड़कियां हैं। बड़ा लड़का नितेश (19), दूसरा विशाल (18) और लड़की साक्षी (16) और मीनाक्षी (13) हैं। पिता की मौत के बाद परिवार के लोग टूट गए हैं।