बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के केशवार गांव में सोमवार की दोपहर में बारिश के बीच जाम नाली की सफाई कर रहे चंद्रिका (57) पर बिजली गिर गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, केशवार गांव निवासी चंद्रिका दोपहर में तेज आंधी और गरज-चमक के बीच हो रही बारिश के दौरान नाली की सफाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी समय उनके ऊपर तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिर गई, जिससे वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी खेसरहा ले गए, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौत के बाद घर में मातम
अचानक हुई परिवार के मुखिया की मृत्यु से परिवार व गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों के मुताबिक मृतक के घर की माली हालत ठीक नहीं है। मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीवकोपार्जन करते थे। इसके पास मामूली खेत है। मृतक चंद्रिका के दो बेटे और तीन बेटियां है। बड़ा बेटा राम सजीवन (30) और दो बेटियों का विवाह हो चुका है। छोटा बेटा सुदामा (16) और 18 वर्षीय एक अविवाहित बेटी है। पत्नी का पांच माह पहले निधन हो चुका है।