पथरा । पथरा थाना क्षेत्र के कोनकटी चौराहे पर करीब एक पखवारे पूर्व बाइक खड़ा करने को लेकर हुई मारपीट का विवाद रविवार को एक बार फिर सामने आ गया। आरोप है कि उस घटना में घायल हुए व्यक्ति ने रविवार को चाय की दुकान पर पहुंचकर दुकानदार सूरज पर हमला कर दिया। मारपीट में दुकानदार घायल हो गया। इसके बाद रविवार सायं 7.30 बजे घायल सूरज के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
26 अगस्त को बाइक खड़ी करने को लेकर चाय दुकानदार सूरज मोदनवाल और ग्राम गौरी पाठक निवासी भोलू पाठक के बीच विवाद हो गया था। विवाद में हुई मारपीट में भोलू पाठक घायल हो गए थे। आरोप है कि इस घटना से नाराज होकर रविवार को भोलू पाठक कोनकटी चौराहे स्थित दुकान पर पहुंचा और दुकानदार सूरज मोदनवाल के साथ मारपीट कर दी। घटना में सूरज मोदनवाल घायल हो गए
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।