सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कपिलवस्तु अंतर्गत तिलकपुर गांव के पश्चिम सोमवार दोपहर गेहूं के खेतों में अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब नौ किसानों की दो एकड़ खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, बर्डपुर गांव के पश्चिम महिबुद्दीन के खेत में गेहूं की फसल पूरी तरह पक कर तैयार थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से आग लग गई, जो तेज हवा के चलते आसपास के खेतों में तेजी से फैल गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसमें अशोक कुमार, विजय गुप्ता, रामकृपाल, सतीश चंद्र उमर, शिवकुमार, अनिल उमर, शैलेंद्र कुमार और फूलचंद्र समेत अन्य किसानों की फसल पूरी तरह जल गई।
ग्रामीणों ने बिना देर किए पेड़ों की टहनियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। संदीप, बलराम, धनंजय, रवि, विवेक और शिवनारायण समेत कई लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद नगर पंचायत की पानी टंकी वाहन मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय से नहीं पहुंची। लोगों की तत्परता से ही आग पर नियंत्रण पाया जा सका, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।